अहलेबैत समाचार एजेंसी अबना की रिपोर्ट के अनुसार उत्तरी इराक़ के करकूक शहर के उपनगरीय क्षेत्रों पर इराकी वायुसेना के हमले में आईएसआईएल के कम से कम पंद्रह आतंकवादी मारे गए हैं।
इराकी मीडिया ने खबर दी है कि हुवैजा शहर पर वायुसेना के हमले में आईएसआईएल से जुड़े पंद्रह आतंकवादी हताहत जबकि 20 अन्य घायल हुए हैं।
हुवैजा, दक्षिण पश्चिम करकूक में 55 कीलोमीटर की दूरी पर स्थित है। उधर बग़दाद में हुए एक विस्फोट में पांच आम नागरिक मारे गये और सत्रह अन्य घायल हो गए।
खबरों के अनुसार अंबार प्रशासन ने रेमादी शहर में आवाजाही पर प्रतिबंध को ख़त्म करने की घोषणा की है। यह प्रतिबंध उस समय लगाया गया था जब आईएसआईएल आतंकवादी गुट ने कब्जे के लिये इस शहर पर हमला किया था। दूसरी ओर इराकी सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी इराक में स्थित सलाहुद्दीन प्रांत पूरी तरह से आईएसआईएल आतंकवादियों से मुक्त करा लिया गया है।